लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi ने NEET-UG 2026 पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के विवाद को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रधानमंत्री Narendra Modi की “चुप्पी” पर भी सवाल उठाए।
विषय सूची
“NEET पेपर बार-बार क्यों हो रहे हैं लीक ?”
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि NEET परीक्षा लगातार विवादों में घिरती जा रही है, लेकिन सरकार अब तक जवाबदेही तय नहीं कर पाई है। उन्होंने 2024 और 2026 के NEET विवादों की तुलना करते हुए कहा कि दोनों मामलों में पेपर लीक के आरोप लगे, CBI जांच बैठाई गई और समितियां बनाई गईं, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ।
राहुल गांधी ने लिखा, “NEET 2024 में पेपर लीक हुआ, परीक्षा रद्द नहीं हुई, मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया। NEET 2026 में फिर पेपर लीक हुआ, परीक्षा रद्द हुई, लेकिन मंत्री अब भी पद पर बने हुए हैं। आखिर पेपर लीक बार-बार क्यों हो रहे हैं?”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार “एग्जाम पे चर्चा” करने से बच रही है और छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर सवालों पर जवाब नहीं दे रही।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
कांग्रेस सांसद ने कहा कि जब एक ही तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं, तो जिम्मेदारी तय होना जरूरी है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार ऐसे शिक्षा मंत्री को क्यों बनाए हुए है जो लगातार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में विफल रहे हैं।
विपक्ष के कई अन्य नेताओं ने भी NEET-UG विवाद को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों का आरोप है कि पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों और अभिभावकों का भरोसा तोड़ दिया है।
CBI जांच तेज
इस बीच मामले की जांच कर रही CBI ने रविवार को आरोपी मनीषा गुरुनाथ मंधारे को दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। एजेंसी ने आगे की पूछताछ के लिए 14 दिन की हिरासत मांगी है।
CBI के अनुसार, मंधारे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पैनल का हिस्सा थीं और परीक्षा प्रक्रिया में एक्सपर्ट तथा ट्रांसलेटर के रूप में शामिल थीं। जांच एजेंसी ने अदालत को बताया कि NTA द्वारा अपनाई गई पूरी प्रक्रिया जांच के दायरे में है।
सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि क्या परीक्षा से पहले प्रश्नपत्रों तक अवैध पहुंच बनाई गई थी और क्या छात्रों से पैसे लेकर जानकारी साझा की गई।
कर्नाटक यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन
NEET विवाद को लेकर विपक्ष का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। कर्नाटक यूथ कांग्रेस ने घोषणा की है कि 21 मई को बेंगलुरु में “राजभवन चलो” मार्च निकाला जाएगा। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद पर Congress का हमला, इमरान मसूद ने सरकार की “नैतिकता” पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह केवल परीक्षा में गड़बड़ी का मामला नहीं बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था और लाखों छात्रों के भविष्य का सवाल है।
अन्य ख़बरों के लिए यहाँ क्लिक करें
