उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वित्तीय वर्ष UP Budget 2026-27 को राज्य के समग्र विकास का रोडमैप बताया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह बजट “सुरक्षित नारी, सक्षम युवा, खुशहाल किसान, हर हाथ को काम और तकनीकी निवेश” को समर्पित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट पिछले 9 वर्षों में हुए नवनिर्माण और विकास यात्रा की नई कहानी प्रस्तुत करता है।
UP Budget 2026 में क्या-क्या है ?
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कर चोरी और राजस्व लीकेज को रोककर राज्य ने मजबूत वित्तीय प्रबंधन स्थापित किया है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की छवि से निकलकर देश की अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में बेरोजगारी दर घटकर लगभग 2.24 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो रोजगार सृजन और निवेश बढ़ने का संकेत है।
Uttar Pradesh विधान मंडल बजट सत्र 2026-27 से पहले Yogi Adityanath का संबोधन
किसानों को विकास का भागीदार बनाने की योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता किसान राज्य और देश की अर्थव्यवस्था की धुरी हैं। UP Budget में कृषि क्षेत्र को आय आधारित और वैल्यू एडिशन मॉडल से जोड़ने का प्रावधान किया गया है। इसके जरिए किसानों की आमदनी बढ़ाने और कृषि को आधुनिक बनाने पर जोर दिया गया है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी को बढ़ावा
सरकार ने राज्य में सड़क और एक्सप्रेस-वे नेटवर्क को मजबूत करने की योजना बनाई है। UP Budget में गंगा एक्सप्रेस-वे को मेरठ से हरिद्वार तक विस्तार देने और पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे को सोनभद्र के शक्तिनगर, चंदौली और गाजीपुर तक जोड़ने की घोषणा की गई है। इन परियोजनाओं से निवेश, व्यापार और रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
तकनीक, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश में माध्यमिक स्तर से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की शिक्षा शुरू की जाएगी। युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने के लिए ड्रीम स्किल लैब क्लस्टर की स्थापना का प्रावधान किया गया है। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए महिला उद्यमी उत्पाद विपणन योजना शुरू की गई है। इसके अलावा उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही मेधावी छात्राओं को स्कूटी देने के लिए भी बजट में धनराशि रखी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट सुरक्षा, रोजगार, तकनीकी विकास और समावेशी प्रगति के जरिए उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अन्य ख़बरों के लिए यहाँ क्लिक करें
