जन सुराज पार्टी के कई नेताओं ने थामा BJP का दामन

बिहार की राजनीति में एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। जन सुराज पार्टी को बड़ा झटका, जब पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पटना स्थित BJP के प्रदेश कार्यालय में आयोजित औपचारिक सदस्यता समारोह में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया और इसे संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
विषय सूची
जन सुराज के कई बड़े चेहरे BJP में शामिल
BJP में शामिल होने वालों में जन सुराज के कई प्रमुख नेता शामिल रहे। इनमें दीघा के पूर्व उम्मीदवार बिट्टू सिंह, मेयर पद की पूर्व उम्मीदवार विनीता बिट्टू, कुम्हरार के उम्मीदवार केसी सिन्हा और मनेर के उम्मीदवार गोपाल सिंह प्रमुख हैं। इनके अलावा बड़ी संख्या में जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ली।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विधानसभा चुनाव से पहले जन सुराज के कई प्रभावशाली नेताओं का पार्टी छोड़ना प्रशांत किशोर के लिए बड़ा झटका माना जा सकता है।
BJP ने मोदी सरकार की नीतियों को बताया वजह
सदस्यता समारोह के दौरान बिहार BJP अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर जन सुराज के नेता पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नए सदस्य संगठन को और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
Mamata को बड़ा झटका: मदन मित्रा ने छोड़ी TMC, बागी गुट का थामा दामन
संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा परिवार सभी नए साथियों का स्वागत करता है और उनके अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा।
‘अब BJP नहीं छोड़ूंगा’ – बिट्टू सिंह
भाजपा की सदस्यता लेने के बाद दीघा के पूर्व उम्मीदवार बिट्टू सिंह ने पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की। उन्होंने कहा कि अब वह जीवनभर भाजपा के साथ रहेंगे।
उन्होंने कहा, “मैं अब भाजपा नहीं छोड़ूंगा। यहीं जिऊंगा और यहीं मरूंगा।” बिट्टू सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की विचारधारा पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के लिए काम करेंगे।
प्रशांत किशोर पर साधा निशाना
जन सुराज छोड़कर भाजपा में शामिल हुए मनेर के पूर्व उम्मीदवार गोपाल सिंह ने पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जन सुराज में कोई स्पष्ट विजन नहीं है और अहंकार के साथ कोई संगठन नहीं चलाया जा सकता।
गोपाल सिंह ने भाजपा को एक मजबूत और अनुशासित संगठन बताते हुए कहा कि वह अब पूरी प्रतिबद्धता के साथ पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे।
BJP ने बताया संगठन की बड़ी उपलब्धि
भाजपा ने इस घटनाक्रम को अपनी बड़ी संगठनात्मक सफलता बताया है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का भाजपा में शामिल होना एनडीए सरकार के “खुशहाल बिहार” और “विकसित भारत” के संकल्प में जनता के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
पार्टी ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए इसे संगठन के निरंतर विस्तार का संकेत बताया।
बांकीपुर उपचुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल
यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब 30 जुलाई को बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। इस सीट पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं।
बांकीपुर सीट भाजपा के चार बार विधायक रहे नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई थी। अब इस उपचुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी रणनीति तेज कर दी है।
ऐसे में जन सुराज के कई प्रमुख नेताओं का भाजपा में शामिल होना बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसका असर न केवल बांकीपुर उपचुनाव बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और राजनीतिक समीकरणों पर भी पड़ सकता है।
अन्य ख़बरों के लिए यहाँ क्लिक करें











