spot_img
NewsnowदेशCold Waves: शीतलहर की चपेट में दिल्ली, बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई सर्दी

Cold Waves: शीतलहर की चपेट में दिल्ली, बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई सर्दी

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक शुक्रवार को और भी ठंडा दिन हो सकता है. दिल्ली में गुरुवार को जहां अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है.

नई दिल्ली.  देश के उत्तरी क्षेत्र में गुरुवार को प्रचंड शीत लहर (Cold Waves) जारी रही जहां ठंड लगातार बढ़ रही है. दिल्ली में इस मौसम का सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में बीते 24 घंटे में 18 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली जिसके चलते तापमान में और गिरावट दर्ज की गई. माना जा रहा है कि शुक्रवार को भी स्थितियां ऐसी ही रहेंगी. हालांकि शनिवार को हवा की रफ्तार कम होने के आसार हैं लेकिन ठंड इसी तरह जारी रह सकती है.

राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार ‘ठंडा दिन’ रहा जहां अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है. ‘ठंडा दिन’ उसे कहते हैं जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम होता है. गिरते तापमान के साथ दिल्ली ने गुरुवार को ठंड के 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया. बता दें साल 2011 में 17 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस था.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक शहर के आंकड़े मुहैया कराने वाली सफदरजंग वेधशाला ने न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया. वहीं पालम स्टेशन ने न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. क्योंकि पश्चिमी हिमालय से उठीं बर्फीली हवाएं (Cold Waves) लगातार दिल्ली में चल रही हैं. आयानगर और रिज मौसम स्टेशनों में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.8 डिग्री सेल्सियस और 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक़ पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी हुई और अब शीत लहर (Cold Waves) के मैदानी इलाकों की ओर बढ़ने की वजह से तापमान में गिरावट आ रही है.

IMD मैदानी इलाकों के लिए शीत लहर (Cold Waves) की घोषणा तब करता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे हो और लगातार दो दिन तक सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम हो. उन्होंने कहा कि दिल्ली जैसे छोटे इलाके के लिए शीतलहर की घोषण तब भी की जा सकती है जब उक्त स्थितियां एक दिन के लिए भी बन जाएं. शहर की वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई।

spot_img