India-Malaysia संबंधों को नई मजबूती, PM Modi का बड़ा बयान

कुआलालंपुर में आयोजित भारत-मलेशिया संयुक्त प्रेस वार्ता में PM Modi ने दोनों देशों के संबंधों को गहरा और विशेष बताया। उन्होंने कहा कि भारत और मलेशिया समुद्री पड़ोसी होने के साथ-साथ सदियों पुराने सांस्कृतिक और सामाजिक रिश्तों से जुड़े हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि मलेशिया में भारतीय मूल की आबादी दुनिया में दूसरी सबसे बड़ी है, जो दोनों देशों के मजबूत मानवीय संबंधों को दर्शाती है। उन्होंने साझा सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों को दोनों देशों की साझेदारी की मजबूत नींव बताया।

सुरक्षा और रक्षा सहयोग मजबूत होगा: PM Modi

PM Modi ने कहा कि भारत और मलेशिया आतंकवाद विरोधी प्रयासों, खुफिया जानकारी साझा करने और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे। उन्होंने रक्षा सहयोग को और व्यापक बनाने पर भी जोर दिया, जिससे क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को मजबूती मिलेगी।

तकनीक और व्यापार में नई संभावनाएं

PM Modi ने कहा कि दोनों देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि आयोजित सीईओ फोरम से व्यापार और निवेश के नए अवसर खुलेंगे, जिससे दोनों देशों के आर्थिक संबंध मजबूत होंगे।

नागरिकों के लिए अहम फैसले

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मलेशिया में काम कर रहे भारतीय श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए सोशल सिक्योरिटी समझौता किया गया है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुफ्त ई-वीजा सुविधा और मलेशिया में यूपीआई लागू करने जैसे कदम दोनों देशों के नागरिकों के जीवन को आसान बनाएंगे।

इंडो-पैसिफिक और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग

प्रधानमंत्री ने कहा कि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र तेजी से वैश्विक विकास का केंद्र बन रहा है और भारत आसियान के साथ क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने वैश्विक संस्थाओं में सुधार की जरूरत पर जोर देते हुए आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख दोहराया और कहा कि इस मुद्दे पर किसी भी तरह के दोहरे मापदंड को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

अन्य ख़बरों के लिए यहाँ क्लिक करें

Exit mobile version